सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टाटा स्टील कंपनी से लोहे का स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।
इस संबंध में गम्हरिया थाना कांड संख्या 46/26, दिनांक 22 मई 2026 को धारा 303(2)/317(4)/317(5)/111(3)(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मई को गम्हरिया थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटा स्टील कंपनी गम्हरिया से भारी मात्रा में चोरी किया गया लोहे का स्क्रैप झारगोविंदपुर रेलवे फाटक के पास इकट्ठा किया जा रहा है और चोरी करने वाला गिरोह उसे वाहनों में लोड कर कहीं अन्यत्र भेजने की तैयारी में है।
सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर गम्हरिया थाना की एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए झारगोविंदपुर रेलवे फाटक के पास छापेमारी की, जहां टाटा स्टील कंपनी के बाउंड्री किनारे से लोहे का स्क्रैप चोरी कर रहे चार आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में निशांत कुमार पाण्डेय (26 वर्ष), नवीन प्रमाणिक (24 वर्ष), तुषार कुमार महतो (20 वर्ष) और अमित कुमार यादव (22 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में प्रयुक्त सफेद रंग का महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन (रजिस्ट्रेशन संख्या JH05EH 2727) बरामद किया, जिस पर करीब आधा टन लोहे का स्क्रैप लदा हुआ था। इसके अलावा घटनास्थल पर इकट्ठा किया गया लगभग 10 टन अवैध लोहे का स्क्रैप भी जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार इस गिरोह के अन्य सदस्य राजा हेंब्रम, विशाल गोराई और प्रकाश सोरेन समेत अन्य अज्ञात आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक, पुअनि अरुण कुमार महतो, सअनि रोपना राम कांशी, सअनि विष्णु उरांव, सअनि धर्मवीर कुमार पूरण एवं हवलदार रमेश चंद्र महतो शामिल थे।