सिंहभूम चैम्बर व यंग इंडियन के रोजगार भर्ती कैम्प में 150 दिव्यांगों ने लिया भाग, 65 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन


जमशेदपुर। सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं यंग इंडियन द्वारा लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट के सहयोग से चैम्बर भवन में “स्माइल परियोजना” के अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिए रोजगार भर्ती कैम्प का आयोजन किया गया। “इन्क्लूसिव टैलेंट, लिमिटलेस पॉसिबिलिटिज” थीम पर आयोजित इस विशेष कैम्प में लगभग 150 दिव्यांग प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 65 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा चयन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त राजीव रंजन एवं अतिथि के रूप में डीटीओ धनंजय उपस्थित रहे। उपायुक्त राजीव रंजन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांगजनों को आत्मविश्वास और प्रोत्साहन प्रदान करते हैं तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि सिंहभूम चैम्बर सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहा है और इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सार्थक रोजगार उपलब्ध कराकर कार्यबल में उनकी समान एवं समावेशी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

यंग इंडियन के पूर्व चेयरमैन उदित अग्रवाल एवं पुलकित झुनझुनवाला ने कहा कि दिव्यांगजनों में भी असाधारण प्रतिभा और समर्पण होता है, जिसे उचित अवसर मिलने पर वे किसी भी संगठन के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

चैम्बर के उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल एवं सचिव बिनोद शर्मा ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह अवसर उनके लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का मंच है और उनकी सफलता अन्य दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा बनेगी।

लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट की अनुराधा पाटिल ने कहा कि उनकी संस्था दिव्यांगजनों को समाज एवं रोजगार से जोड़ने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सिंहभूम चैम्बर एवं यंग इंडियन के सहयोग की सराहना की।

कार्यक्रम में चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर केडिया, निवर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका तथा जुगल किशोर रिंगसिया ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन चैम्बर के महासचिव पुनीत कांवटिया ने किया।

आयोजन को सफल बनाने में चैम्बर एवं यंग इंडियन की पूरी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال