धातकीडीह में अवैध लॉटरी जुआ का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, नकदी समेत कई सामान बरामद

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धातकीडीह इलाके में पुलिस ने अवैध लॉटरी जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में Bistupur थाना में कांड संख्या 58/2026 दिनांक 22 मई 2026 को धारा 292/318(4)/3(5) बीएनएस एवं 11 बंगाल गैंबलिंग एक्ट 1867 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धातकीडीह क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध लॉटरी जुआ का संचालन किया जा रहा है, जिससे आम लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं और क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम द्वारा धातकीडीह के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने धातकीडीह हरिजन बस्ती से अवैध जुआ खेलते और खिलवाते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो० कमरुद्दीन (47 वर्ष), मो० तनवीर कुरैशी (34 वर्ष) तथा मो० तनवीर जाफर (37 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे “राजश्री लॉटरी जुआ” का संचालन करते थे और लोगों को लालच देकर ठगी का शिकार बनाते थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध लॉटरी जुआ में इस्तेमाल होने वाला करीब 3.6×2.6 फीट का एक लॉटरी बोर्ड, 0 से 9 तक के कुल 10 मोहर, एक स्टाम्प पैड, नंबर लिखी हुई दो कॉपियां तथा 10,230 रुपये नकद बरामद किए।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस छापेमारी दल में बिष्टुपुर थाना प्रभारी पु०नि० आलोक कुमार दुबे, पु०अ०नि० पिंकु कुमार, पु०अ०नि० रामजीत सिंह, स०अ०नि० सुशिल कुमार मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال