गोलमुरी में ठगी करने वाला युवक ऑटो चालकों के हत्थे चढ़ा!“चेंज लाने” के बहाने लोगों से पैसे लेकर फरार होने वाला युवक आखिरकार पकड़ा गया।

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित आकाशदीप प्लाजा के समीप लोगों के साथ ठगी करने वाले एक युवक को स्थानीय ऑटो चालकों ने पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से लोगों को झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहा था।
स्थानीय लोगों और ऑटो चालकों के अनुसार युवक अक्सर ऑटो चालकों से “चेंज लाने” या पैसे बदलने के बहाने रुपये लेकर फरार हो जाता था। उसकी इस हरकत से कई ऑटो चालक और राहगीर परेशान थे। लगातार हो रही घटनाओं के बाद ऑटो चालकों ने युवक को पहचान कर रखा था और उसकी तलाश में थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार को युवक एक बार फिर उसी तरीके से एक ऑटो चालक को ठगने की कोशिश कर रहा था। तभी ऑटो चालक ने उसे पहचान लिया और शोर मचाया। इसके बाद आसपास मौजूद अन्य ऑटो चालक और स्थानीय लोग सक्रिय हो गए तथा युवक को खदेड़ कर पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर अपने साथ थाना ले गई। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
घटना के बाद स्थानीय ऑटो चालकों ने पुलिस से ऐसे ठगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال