सिदगोड़ा थाना पुलिस ने चोरी के गहने गलाकर छिपाने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार, सोना-चांदी बरामद


जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना कांड संख्या 21/26, दिनांक 06 फरवरी 2026, धारा 331(2) एवं 305 बीएनएस-2023 के तहत दर्ज चोरी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के गहने गलाकर छिपाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के गहने भी बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले के अनुसंधान के क्रम में पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्त चंदन साव (28 वर्ष) एवं रवि साव (23 वर्ष) की निशानदेही पर चोरी का कुछ सामान बरामद किया गया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि चोरी के गहने अपने साथी आदित्य वर्मा को दिए थे। हालांकि उस समय गहनों की बरामदगी नहीं हो सकी थी। तीनों आरोपियों को 25 अप्रैल 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

इसके बाद 21 मई 2026 को पुलिस रिमांड पर लेकर पुनः पूछताछ की गई। पूछताछ में आदित्य वर्मा ने खुलासा किया कि चोरी के गहने उसने अपने साथी राजकुमार प्रसाद को दिए थे। इसके आधार पर पुलिस ने राजकुमार प्रसाद (55 वर्ष), निवासी मीरा पथ, बारीडीह बस्ती, थाना सिदगोड़ा को पूछताछ के लिए थाना लाया।

पूछताछ के दौरान राजकुमार प्रसाद ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए चोरी के गहनों को गलाकर रखने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 5 ग्राम सोने जैसा दिखने वाला गला हुआ धातु एवं लगभग 100 ग्राम चांदी जैसा दिखने वाला गला हुआ धातु बरामद किया।

पुलिस ने आरोपी राजकुमार प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال