जमशेदपुर के बिस्तूपुर में दिनदहाड़े कीनन स्टेडियम के पास महिला से लूटपाट, संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिरीं पीड़ित.


जमशेदपुर में बाइक सवार बदमाशों ने रविवार को एक बार फिर स्नैचिंग की घटना को अंजाम देकर दहशत फैला दी. इस घटना में स्नेचिंग की शिकार महिला घायल भी हुई है. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के कीनन स्टेडियम के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला का पर्स झपट लिया. घटना के दौरान महिला चलती बाइक से सड़क पर गिर गई, जिससे वह घायल हो गईं. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस बदमाशों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे का सहारा ले रही है. पीड़ित महिला नीतू पांडेय अपने पति गौरी शंकर पांडेय के साथ साकची से बिष्टुपुर की ओर जा रही थी. 

महिला अपने पति के साथ बाइक से घर लौट रही थीं. इसी दौरान कीनन स्टेडियम के पास पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाया. अपराधियों ने महिला के कंधे पर टंगा पर्स झपट लिया. झटके की वजह से महिला संतुलन खो बैठीं और सड़क पर गिर पड़ीं. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें संभाला और घटना की सूचना पुलिस को दी. घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाग-ए-जमशेद गोलचक्कर की ओर भाग निकले. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर में बढ़ रही स्नैचिंग की घटनाओं को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال