Jamshedpur : अगर हमारे विरोध की खबर से जीएम टाटानगर नहीं आए, तो हम लोग कोलकाता जाकर करेंगे प्रदर्शन
रेल यात्री संघर्ष समिति का घाटशिला में हस्ताक्षर अभियान रहा बेहद सफल
घाटशिला रेलवे स्टेशन के ठीक सामने रविवार को रेल यात्री संघर्ष समिति द्वारा एक विशाल हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों यात्रियों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, समिति के संरक्षक और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रेलवे के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ऐलान किया कि 27 मई को चक्रधरपुर-खड़गपुर जोन के महाप्रबंधक (जीएम) के टाटानगर आगमन पर उनका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
टाटानगर नहीं आए तो कोलकाता जाकर होगा घेराव
सरयू राय ने सख्त लहजे में कहा कि यदि जीएम इस विरोध-प्रदर्शन से बचने के लिए टाटानगर नहीं आने का फैसला करते हैं, तो समिति के सदस्य सीधे कोलकाता जाएंगे और उनके कार्यालय पर जबरदस्त धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले दिनों चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम उनके निवास पर आए थे और व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया था, जो पूरी तरह से खोखला साबित हुआ। यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को पास कराने के फैसले पर अधिकारियों की चुप्पी को लेकर उन्होंने कहा कि इसका जवाब आरटीआई (RTI) के माध्यम से निकलवाया जाएगा।