जुगसलाई थाना में शांति समिति की अहम बैठक, Law and Order DSP सुमित कुमार ने सौहार्द और सुरक्षा को लेकर दिए कई निर्देश

जमशेदपुर के जुगसलाई थाना परिसर में शनिवार को कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर एक महत्वपूर्ण शांति समिति बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता Law and Order DSP ने की। इस बैठक में मारवाड़ी युवा मंच, शांति समिति के सदस्य, स्थानीय सामाजिक प्रतिनिधि एवं विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।


बैठक में जुगसलाई थाना प्रभारी के साथ-साथ बर्मामाइंस थाना प्रभारी, बिष्टुपुर थाना प्रभारी और बागबेड़ा थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण, आपसी भाईचारे और संवेदनशील इलाकों की स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की।


DSP सुमित कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन और समाज दोनों की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट या असामाजिक गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखने और आम लोगों के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक के दौरान मारवाड़ी युवा मंच और शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे। उन्होंने शहर में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिलाया। साथ ही स्थानीय समस्याओं, ट्रैफिक व्यवस्था और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार की बैठकें समाज और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भी लोगों से कानून का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना को देने की अपील की।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال