चाईबासा: मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ बहामन टूटी ने की। बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली व्यवस्था, विधि-व्यवस्था और मुहर्रम जुलूस के मार्ग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में सदस्यों ने बताया कि जुलूस मार्ग में कई जगह गड्ढे हैं,
जिनकी मरम्मत कराना जरूरी है। वहीं जुलूस मार्ग में बिजली व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जाती है। इसके अलावा जगह-जगह पानी के टैंकर की व्यवस्था भी रखने की बात कही गई। बैठक में यह भी कहा गया कि जुलूस के साथ मेडिकल टीम की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही नौवीं और दसवीं मुहर्रम को सदर अस्पताल में विशेष मेडिकल टीम तैनात रखने का सुझाव दिया गया।एसडीपीओ बहामन टूटी ने कहा कि बैठक में रखी गई सभी मांगों को पूरा करने का प्रशासन की ओर से प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुहर्रम जुलूस निर्धारित समय पर निकाला जाए और समय पर समाप्त किया जाए। सरकार के गाइडलाइन का पालन करते हुए ही जुलूस निकाला जाएगा।
उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की निगरानी रहेगी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जुलूस के दौरान सभी चिन्हित स्थानों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी।बैठक में सीओ उपेंद्र कुमार, सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो, मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, त्रिशानु राय, लालू कुजूर, दुर्गेश खत्री, सचु तिर्की, सजरुल होदा, सेंट्रल मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष इपुनेखार आलम उर्फ बंटी, सचिव जफर नसीम उर्फ सोनू मोबाइल, उपाध्यक्ष मो. मुस्लिकिम, मो. दानिश, सहसचिव तहसीन अमीन, मुजफ्फर खान, कोषाध्यक्ष मो. एकलाक, वसीउर रहमान और वकील खान सहित शांति समिति एवं मुहर्रम कमेटी के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।
Tags
चाईबासा
Comments