बिरसानगर पीएम आवास योजना के लाभुकों ने विधायक पूर्णिमा साहू से लगाई गुहार गृह प्रवेश और बैंक लोन की समस्या को लेकर मंत्री सुदिव्य सोनू से हुई दूरभाष पर वार्ता

जमशेदपुर :जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिरसानगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासों के आवंटन में हो रही देरी एवं बैंक लोन संबंधी समस्याओं को लेकर लाभुकों ने गुरुवार को विधायक पूर्णिमा साहू से उनके एग्रिको स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात की।इस दौरान लाभुकों ने विधायक को बताया कि आवास निर्माण पूर्ण होने के बावजूद अब तक गृह प्रवेश नहीं हो सका है। साथ ही बैंक लोन स्वीकृति में हो रही देरी, किस्त जमा करने में आ रही परेशानियों और अन्य तकनीकी बाधाओं के कारण लाभुकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लाभुकों ने विधायक से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द समाधान कराने की मांग की।लाभुकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने मौके पर ही नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से दूरभाष पर बातचीत की। विधायक साहू ने मंत्री से आग्रह किया कि जिन आवास ब्लॉकों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनका जल्द आवंटन सुनिश्चित किया जाए ताकि चयनित लाभुकों को शीघ्र अपने घर का अधिकार मिल सके।विधायक ने योजना से जुड़ी अन्य व्यावहारिक समस्याओं की भी जानकारी मंत्री को देते हुए कहा कि गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवार लंबे समय से अपने आशियाने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।वहीं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विधायक को आश्वस्त किया कि योजना से संबंधित सभी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर पात्र लाभुकों को जल्द ही घर की चाबी सौंप दी जाएगी।इधर विधायक पूर्णिमा साहू ने जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार से भी बातचीत कर लाभुकों को बैंक लोन प्रक्रिया में आ रही कठिनाइयों के समाधान की मांग की। इस पर उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार ने भरोसा दिलाया कि जमशेदपुर अक्षेस लाभुकों को बैंक लोन की प्रक्रिया पूरी कराने में हर संभव सहयोग करेगा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Comments

और नया पुराने