टाटा मोटर्स में तीसरे दिन भी बुकिंग बंद, वेज रिवीजन को लेकर बढ़ा विवाद, कनवाई चालक संघ ने जल्द समाधान की उठाई माँग

 जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में लगातार तीसरे दिन भी बुकिंग बंद रहने से ट्रांसपोर्ट व्यवस्था प्रभावित रही। इस मामले को लेकर कानवाई चालक संघ ने चिंता जताते हुए कहा है कि टाटा मोटर्स के अधिकारी, टीटीसीए के कार्यपालक पदाधिकारी एवं मान्यता प्राप्त यूनियन को वेज रिवीजन और अन्य लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित निर्णय लेना चाहिए।संघ की ओर से कहा गया कि सभी ट्रांसपोर्टर भी इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास कर रहे हैं और सभी पक्षों द्वारा किया जा रहा प्रयास सराहनीय है। बावजूद इसके अब तक किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका है, जिससे स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।कानवाई चालक संघ के महामंत्री बिनोद कुमार सिंह ने कहा कि 26 मई 2026 को टीटीसीए के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति अब गंभीर रूप लेती जा रही है और जल्द से जल्द वेतन वृद्धि एवं ग्रेड रिवीजन के मुद्दे का समाधान किया जाना चाहिए।उन्होंने बताया कि पिछले 14 महीनों से कानवाई चालकों के वेतन में बढ़ोतरी नहीं होने के कारण असंतोष बढ़ता गया, जिसके चलते वर्तमान स्थिति उत्पन्न हुई है।संघ की ओर से यह भी जानकारी दी गई कि पूरे मामले की लिखित सूचना जिला प्रशासन एवं टेल्को थाना प्रभारी को दे दी गई है।कानवाई चालक संघ ने प्रबंधन, यूनियन और प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर मामले का समाधान निकालने की मांग की है ताकि कामकाज सामान्य हो सके और चालकों को राहत मिल सके।

Comments

और नया पुराने