कोलकाता इंटरव्यू पर जाने से पहले युवक पर टूटी मुसीबत, गोलमुरी में देर रात फायरिंग से पैर में लगी गोली, टीएमएच में चल रहा इलाज


जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के देबुन बागान चौक के पास रविवार देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल की पहचान टाटा लाइन निवासी दीपक झा के रूप में हुई है। गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।घायल दीपक झा ने बताया कि वह पहले एक निजी कंपनी में कार्यरत था और सोमवार को नौकरी के इंटरव्यू के लिए कोलकाता जाने वाला था। रविवार रात वह मिठाई खरीदने के उद्देश्य से गोलमुरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान देबुन बागान चौक के समीप कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और अचानक फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान चली एक गोली दीपक के दाहिने पैर में आ लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।घटना के बाद घायल युवक ने हिम्मत दिखाते हुए अपने एक परिचित को फोन कर मदद मांगी। परिचित के मौके पर पहुंचने के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के दौरान उसके पैर में गोली लगने की पुष्टि हुई, जिसके बाद डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया।इधर, घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग करने वाले युवक कौन थे और विवाद की वजह क्या थी।फिलहाल पुलिस ने किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस फायरिंग से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं, दीपक झा का इलाज टीएमएच में जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

Comments

और नया पुराने