जमशेदपुर के गोलमुरी में पांच घंटे के भीतर दो जगहों पर चली पांच राउंड गोलियां, 20 लाख रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी, थार गाड़ी में लगी गोली, बिल्ला पाठक के इशारे पर वारदात की आशंका से दहशत में लोग

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बीती रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। पांच घंटे के अंतराल में दो अलग-अलग जगहों पर कुल पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। पहली घटना रात करीब 8 बजे नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पीछे हुई, जबकि दूसरी घटना देर रात 12 बजकर 56 मिनट पर राज नामक व्यक्ति के घर के सामने हुई, जहां अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली राज की थार गाड़ी में जा लगी।

सूत्रों के अनुसार, इस पूरी घटना के पीछे जेल में बंद अपराधी बिल्ला पाठक का हाथ बताया जा रहा है। वहीं अमन शेखर, कुंडी और वीर सिंह पर घटना को अंजाम देने का आरोप लग रहा है।

पीड़ित राज ने बताया कि घटना से पहले उनके मोबाइल पर एक कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को कुंडी बताते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। कॉलर ने कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें कन्हैया यादव के पास “ऊपर पहुंचा दिया जाएगा।” गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही कन्हैया यादव की गोलमुरी डीएसपी कार्यालय से महज कुछ दूरी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें कुंडी का नाम सामने आया था और वह अब भी फरार बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन अपराधी घटनास्थल पर पहुंचे और फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से इलाके के लोगों में भय का माहौल है।

फिलहाल झारखंड पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Comments

और नया पुराने