पीएम आवास के लाभुकों का फूटा गुस्सा, सरयू राय बोले- 31 मई तक चाबी नहीं मिली तो 1 जून से अनशन

सरयू रॉय से मंगलवार को बिरसानगर पीएम आवास योजना के 100 से ज्यादा लाभुकों ने मुलाकात कर जल्द फ्लैट की चाबी दिलाने की मांग की। लाभुकों ने कहा कि वे लंबे समय से आवास मिलने का इंतजार कर रहे हैं और बैंक कर्ज व किराए के बोझ से परेशान हैं।इस दौरान सरयू राय ने लोगों के सामने ही सुदिव्या कुमार सोनू से फोन पर बातचीत की। मंत्री ने कहा कि उन्हें अपना वादा याद है, लेकिन प्रक्रिया में 10-15 दिन का समय और लग सकता है। उन्होंने बताया कि एक कार्य को अब तक प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिली है, जिसके कारण देरी हो रही है।इस पर सरयू राय ने साफ कहा कि यदि 31 मई तक लाभुकों को फ्लैट की चाबी नहीं दी गई तो वे 1 जून से डीसी ऑफिस के सामने अनशन पर बैठेंगे।सरयू राय ने बताया कि पीएम आवास के दो ब्लॉक तैयार हैं, लेकिन ड्रेनेज का काम अधूरा है। JNAC के अनुसार एक ड्रेनेज बन चुका है, जबकि दूसरे में करीब 15 दिन और लगेंगे। वहीं सड़क निर्माण को लेकर JUDCO ने बताया कि फिलहाल छाई भरकर सड़क को चलने योग्य बनाया गया है और स्थायी सड़क के लिए प्रशासनिक स्वीकृति का इंतजार है।बिजली कनेक्शन को लेकर भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है। बिजली विभाग का दावा है कि 192 घरों में मीटर लगाए जा चुके हैं, जबकि लाभार्थियों का कहना है कि केवल 85 घरों में ही मीटर लगे हैं। सरयू राय ने कहा कि वे खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे।उन्होंने यह भी कहा कि कुछ ऐसे लोगों को भी फ्लैट आवंटित किए जाने की शिकायत मिली है जिनके पास पहले से मकान है, जबकि योजना का उद्देश्य बेघर लोगों को आवास देना है।सरयू राय ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य लाभुकों को जल्द से जल्द चाबी दिलाना है और यदि तय समय तक चाबी नहीं मिली तो पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार 1 जून को अनशन किया जाएगा।

Comments

और नया पुराने