उलीडीह के बालीगुमा में देर रात गोलीबारी, राजनगर निवासी देवदास गौड़ घायल; आरआईटी थाना के एएसआई समेत तीन हिरासत में


जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के बालीगुमा के पास देर रात हुई गोलीबारी की घटना में राजनगर निवासी देवदास गौड़ घायल हो गया। गोली उसके गले को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, घायल देवदास गौड़ को उसके साथी तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार गोली उसके गले को छूकर निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और देवदास को अस्पताल पहुंचाने वाले देवाशीष पोद्दार, नीरज प्रधान तथा आरआईटी थाना में पदस्थापित एएसआई पंकज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान तीनों अलग-अलग बयान दे रहे हैं, जिससे मामले की गुत्थी और उलझती जा रही है।वहीं, घायल देवदास गौड़ ने पुलिस को बताया कि वह राजनगर का रहने वाला है और अपने भाई देवाशीष के साथ बालीगुमा आया था। उसने कहा कि रात में क्या हुआ, उसे कुछ भी याद नहीं है।इधर, मामले को लेकर एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि घटना से जुड़े सभी लोग नशे की हालत में थे और लगातार अपने बयान बदल रहे हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नशा करने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसी दौरान गोली चल गई। हालांकि, गोली किसने चलाई और घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और हिरासत में लिए गए लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार और गोली चलाने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Comments

और नया पुराने