परसुडीह में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, वर्चस्व को लेकर चली गोली; ग्रामीणों ने तोड़ी निर्माणाधीन दीवार


जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के बारिगोड़ा कृति मैदान स्थित स्वर्गीय गृधा भूमिज की जमीन को लेकर रविवार को विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि अवतार सिंह एवं स्थानीय भू-माफियाओं पिंकी देवी, चंद्रप्रकाश शाह और राजेश गुप्ता द्वारा विवादित जमीन पर अवैध निर्माण कराया जा रहा था।

इसी बीच स्वर्गीय गृधा भूमिज की बेटियां एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का विरोध करते हुए निर्माणाधीन दीवार को ध्वस्त कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में निर्माण कराया जा रहा था। लोगों ने पुलिस पर मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीन विवाद लंबे समय से चल रहा है और बिना उचित जांच के निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिसका लगातार विरोध किया जा रहा था।

सूत्रों के अनुसार, इस पूरे विवाद के दौरान दबंगों द्वारा वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से गोली भी चलाई गई। घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। हालांकि गोलीबारी में किसी के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

Comments

और नया पुराने