जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुंइयाडीह में सोमवार रात पुलिस ने शराब दुकान के बाहर खुले में शराब पी रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया। मामले में पुलिस ने झारखंड एक्साइज एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उससे 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान शराब दुकान के बाहर खुले में शराब पीते हुए एक व्यक्ति को देखा गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की।इस संबंध में एएसपी ऋषभ त्रिवेदी ने बताया कि क्षेत्र में खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड एक्साइज एक्ट के तहत इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है।उन्होंने बताया कि पहली बार पकड़े जाने पर 5 हजार रुपये का जुर्माना, दूसरी बार 10 हजार रुपये का जुर्माना और तीसरी बार पकड़े जाने पर जेल भेजने का प्रावधान है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।
भुंइयाडीह में खुलेआम शराब पीना पड़ा महंगा, पुलिस ने वसूला 5 हजार जुर्माना
byAvinash Sharma
-
0
Comments