पति जेल में, फिर भी धमकी देने का आरोप; ननद गिरफ्तार नहीं, महिला ने एसपी सिटी से लगाई सुरक्षा की गुहार
जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र की रहने वाली ज्योति कुमारी सिंह ने अपने पति और ननद पर मारपीट, जानलेवा हमला और लगातार धमकी देने का आरोप लगाते हुए एसपी सिटी से शिकायत की है। पीड़िता का कहना है कि पति फिलहाल जेल में बंद है, इसके बावजूद वहां से केस वापस लेने की धमकी दिलाई जा रही है, जबकि मामले की आरोपी ननद अब तक गिरफ्तार नहीं हुई है।
महिला ने बताया कि 19 मई 2026 की रात पैसे के विवाद को लेकर पति चंद्रशेखर सिंह ने हथौड़े से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमले में उनके सिर पर 19 टांके लगाने पड़े। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान ननद मधु सिंह ने भी मारपीट में साथ दिया और उन्हें बालकनी से नीचे फेंकने का प्रयास किया गया।
घटना के बाद घायल महिला को MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में साकची थाना कांड संख्या 41/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद आरोपी पति को जेल भेज दिया गया।
पीड़िता का आरोप है कि जेल में रहने के बावजूद पति अपने परिचितों के माध्यम से मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। वहीं ननद द्वारा भी लगातार धमकी दी जा रही है कि केस नहीं उठाने पर अपहरण और हत्या करवा दी जाएगी।
महिला ने पुलिस प्रशासन पर ननद की गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए एसपी सिटी से सुरक्षा उपलब्ध कराने और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Comments