जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर निवासी प्रभात चौबे ने पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी को लिखित शिकायत देकर कुछ लोगों पर जबरन घर पर कब्जा करने, मारपीट करने और वाहन छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने सुरक्षा की भी मांग की है।
शिकायत के अनुसार, प्रभात चौबे ने आरोप लगाया है कि सरबजीत सिंह उर्फ राजू, प्रीतपाल सिंह, नवदीप सिंह समेत अन्य लोग 30 अप्रैल 2026 को उनके घर पहुंचे और जबरन ताला मार दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर धमकाया और कुछ कागजातों पर जबरन हस्ताक्षर भी कराए।
प्रभात चौबे ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी महिंद्रा एक्सयूवी 300 कार और एक स्कूटी भी छीन ली गई। उन्होंने कहा कि घटना के बाद से वह और उनके पिता डर के माहौल में रह रहे हैं और फिलहाल दूसरे के घर में शरण लेने को मजबूर हैं।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि 38 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा है। पीड़ित के मुताबिक, इस मामले में आकाश कुमार सिंह नामक व्यक्ति पैसा लेकर फरार हो गया, जिसके बाद आरोपी उन पर लगातार दबाव बना रहे हैं।
पीड़ित ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर घर का ताला खुलवाने, वाहन वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Comments