जमशेदपुर सड़क हादसा : ट्रैक्टर और कार में भीषण टक्कर, बाल-बाल बचे लोग


जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार नरवा जाने वाले रास्ते में एक ट्रैक्टर और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना फिलहाल सामने नहीं आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हादसे के कारण सड़क पर यातायात बाधित हो गया, जिसके बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर रास्ते को अस्थायी रूप से बंद कर दिया।

पुलिस दोनों वाहनों को हटाने और यातायात सामान्य कराने में जुटी हुई है। वहीं हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच भी शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Comments

और नया पुराने