डबल डाउन बार हत्याकांड: तीन पुलिसकर्मी निलंबित, बिष्टुपुर में देर रात बवाल; एस पी ललित मीना ने सड़क पर बैठकर सुनी मांगें, 48 घंटे का अल्टीमेटम


जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार में हुए जानलेवा हमले में घायल हिमांशु सिंह की टीएमएच में इलाज के दौरान मौत के बाद सोमवार देर शाम शहर में भारी आक्रोश देखने को मिला। 

मामले में कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर मौजूद गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियों—सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) रतन कुमार दास, सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) राजेश कुमार रंजन तथा आरक्षी संख्या 913 मनोज कुमार—को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।

हिमांशु की मौत की खबर के बाद बड़ी संख्या में लोग बिष्टुपुर गोलचक्कर पर जुट गए और देर रात तक धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आक्रोशित लोगों ने सिटी एसपी के वाहन का शीशा तोड़ दिया, दो पीसीआर वैन में भी तोड़फोड़ की तथा मुख्य आयुक्त के वाहन को रोक दिया। सड़क पर आगजनी कर प्रदर्शन किया गया, जिससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।

तनावपूर्ण माहौल के बीच प्रदर्शनकारियों ने सिटी एसपी के सामने अपनी मांगें रखीं। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) भी मौके पर पहुंचे  परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच तथा दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।काफी देर तक चली वार्ता के बावजूद किसी ठोस निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जिला पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर सभी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी प्रमुख मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा,
 जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

गौरतलब है कि इस मामले में भाजपा नेता एवं डबल डाउन बार के मालिक नीरज सिंह समेत 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। हिमांशु सिंह की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments

और नया पुराने