धालभूमगढ़: 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर 136वीं रैंक प्राप्त करने वाली निवेदिता पाणिग्रही का शनिवार को नरसिंहगढ़ उच्च विद्यालय परिसर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया। 'सेवा ही धर्म' सामाजिक संस्था, धालभूमगढ़ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें बिहार शिक्षा सेवा में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) के पद पर चयनित होने पर सम्मानित किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि धालभूमगढ़ की प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) बबली कुमारी थीं। उन्होंने निवेदिता पाणिग्रही को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है तथा निवेदिता की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।कार्यक्रम में थाना प्रभारी धीरज मिश्रा, कोकपारा-नरसिंहगढ़ पंचायत की मुखिया बिलासी सिंह तथा पूर्व जिला परिषद सदस्य आरती सामंत ने भी भाग लिया। सभी अतिथियों ने निवेदिता की मेहनत, संघर्ष और समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विद्यालय के प्रधानाध्यापक निर्मलेंदु, विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष तपन गोराई तथा अंबिका दास ने भी निवेदिता की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनके शैक्षणिक सफर को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में 'सेवा ही धर्म' सामाजिक संस्था के संस्थापक नौशाद के साथ राकेश मन्ना, राम मुर्मू, रामजीत और अध्ययन महापात्र सहित संस्था के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह में विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।निवेदिता पाणिग्रही की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई प्रेरणा देगी।
Tags
DHALBHUMGADH
Comments