कन्वाई चालक का अपहरण कर जानलेवा हमला, लूटपाट का आरोप; परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज, कार्यवाही का इंतेज़ार परिजनों को


जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा निवासी 22 वर्षीय कन्वाई चालक धर्मवीर सिंह पर कथित रूप से अपहरण कर जानलेवा हमला और लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।पीड़ित धर्मवीर सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 17 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह कन्वाई वाहन लेकर गोविंदपुर जाने के लिए घर से निकले थे। 

इसी दौरान राहरगोड़ा बस्ती के तुषार सिंह, आयुष उर्फ बच्चा, राज उर्फ गबरू तथा उनके 4–5 अन्य साथियों ने उन्हें रोक लिया और जबरन बाइक पर बैठाकर सामुदायिक विकास स्कूल मैदान ले गए।आवेदन के अनुसार, वहां आरोपियों ने लोहे के चापड़, पंच और बड़े पत्थर (बोल्डर) से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके गले से चांदी की चेन, जेब में रखे लगभग 5 हजार रुपये नकद तथा रियलमी मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।

धर्मवीर सिंह का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें धमकी दी कि वह कन्वाई चलाकर अच्छी कमाई करता है लेकिन उन पर खर्च नहीं करता, इसलिए उसे बस्ती में रहने और जिंदा रहने नहीं दिया जाएगा। आरोप है कि हमलावर उन्हें सुनसान स्थान पर ले जाकर मारने की योजना बना रहे थे। गंभीर मारपीट के बाद जब वह बेहोश हो गए तो आरोपी उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने डायल 100 पर पुलिस को सूचना दी। टाइगर मोबाइल की टीम मौके पर पहुंची और घायल को पहले सदर अस्पताल तथा बाद में गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, अस्पताल में आकर बयान दर्ज करने तथा लूट और जानलेवा हमले सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई करने की मांग की है।फिलहाल मामले की जांच परसुडीह थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस की जांच और न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

Comments

और नया पुराने