*पीसीपीएनडीटी अधिनियम को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक, अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नियमित निरीक्षण का निर्देश*


चाईबासा: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) अधिनियम के तहत संचालित "सेव द गर्ल कैंपेन" (बेटी बचाओ अभियान) एवं संबंधित विषयों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में चिकित्सकों के नाम जोड़ने संबंधी प्रस्ताव, पंजीकरण के नवीनीकरण, नए पंजीकरण तथा न्यायालय में लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। 

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने और सभी प्रक्रियाओं का समय पर निष्पादन करने का निर्देश दिया।उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित टीम द्वारा जिले के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित एवं औचक निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत संबंधित संस्थान के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिन अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध है, वहां यह सेवा नियमित रूप से संचालित होती रहे, ताकि लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। साथ ही जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों में भी अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने को कहा।उपायुक्त ने कहा कि पीसीपीएनडीटी अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने और लिंगानुपात में सुधार लाने के लिए महत्वपूर्ण है।

 इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को प्रभावी बनाने की जरूरत है।बैठक में पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्वास्थ्य समिति के संबंधित पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

और नया पुराने