किसानों को जार में डीजल उपलब्ध कराने की मांग, त्रिशानु राय ने उपायुक्त को सौंपा आवेदन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने किसानों की समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया है। उन्होंने बुधवार को उपायुक्त को आवेदन सौंपकर कृषि कार्यों के लिए किसानों को जार में डीजल उपलब्ध कराने की मांग की।त्रिशानु राय ने कहा कि वर्तमान समय खेती-किसानी का महत्वपूर्ण दौर है और किसान खेतों की जुताई, सिंचाई, पंपसेट संचालन तथा अन्य कृषि कार्यों के लिए डीजल पर निर्भर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश किसान जार के माध्यम से डीजल लेकर अपने खेतों तक पहुंचाते हैं, लेकिन जिले के कई पेट्रोल पंपों पर जार में डीजल देने से इनकार किया जा रहा है, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि किसान डीजल की व्यवस्था के लिए पेट्रोल पंपों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं। समय पर सिंचाई और अन्य कृषि कार्य नहीं होने से फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। यह स्थिति किसानों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।त्रिशानु राय ने प्रशासन से मांग की कि जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया जाए कि वास्तविक किसानों को पहचान पत्र अथवा आवश्यक प्रमाण के आधार पर कृषि कार्यों के लिए जार में डीजल उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि इससे किसानों को राहत मिलेगी और डीजल के संभावित दुरुपयोग पर भी रोक लग सकेगी।उन्होंने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन को इस दिशा में जल्द सकारात्मक पहल करनी चाहिए, ताकि खेती-किसानी का कार्य प्रभावित न हो और किसानों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।

Comments

2 टिप्पणियाँ

और नया पुराने