खेत की जुताई के दौरान निकला बम, इलाके में मचा हड़कंप; पुलिस और प्रशासन अलर्ट


पश्चिम सिंहभूम: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर में उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत की जुताई के दौरान जमीन के अंदर दबा एक पुराना बम बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं।जानकारी के अनुसार, एक किसान अपने खेत में जुताई कर रहा था। इसी दौरान हल किसी कठोर वस्तु से टकराया। किसान ने जब नजदीक जाकर देखा तो मिट्टी के भीतर दबा हुआ विस्फोटक जैसा पदार्थ नजर आया। संभावित खतरे को भांपते हुए उसने तुरंत जुताई का काम रोक दिया और आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई तथा लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। अधिकारियों ने बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि बरामद विस्फोटक कितना पुराना है और वह खेत तक कैसे पहुंचा। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि यह काफी समय से जमीन के भीतर दबा हुआ था।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला क्षेत्र में भी नदी किनारे भारी मात्रा में पुराने बम बरामद हुए थे। उस समय मामले की गंभीरता को देखते हुए सेना के बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया था, जिसने विशेष अभियान चलाकर सभी विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया था।मनोहरपुर में बम मिलने की इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोग भी इस बरामदगी के बाद दहशत में हैं और क्षेत्र में व्यापक जांच की मांग कर रहे हैं।

Comments

और नया पुराने