जमशेदपुर: डीडी बार हत्याकांड के विरोध में गुरुवार शाम विधायक सरयू राय के नेतृत्व में बिष्टुपुर में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस माइकल जॉन ऑडिटोरियम से शुरू होकर बिष्टुपुर मेन रोड होते हुए पुनः वहीं समाप्त हुआ। जुलूस में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में महिलाओं सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर करनी सेना के अध्यक्ष हिमांशु सिंह को न्याय दिलाने की मांग की और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मीडिया से बातचीत में सरयू राय ने कहा कि यदि पुलिस ने समय पर तत्परता दिखाई होती तो हिमांशु सिंह की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में लगातार बढ़ रही अपराध की घटनाओं के बावजूद पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।उन्होंने बताया कि उनकी अपील पर कोल्हान विश्वविद्यालय ने 3 जुलाई को होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। साथ ही उन्होंने 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद को कानून-व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सरकार के लिए सीधी चेतावनी बताया। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान अत्यावश्यक सेवाओं को इससे मुक्त रखा गया है।
सरयू राय ने आरोप लगाया कि शहर में चाकूबाजी, चापड़बाजी, अवैध अड्डेबाजी और अवैध शराब का कारोबार लगातार बढ़ रहा है तथा इन गतिविधियों को पुलिस संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है और इसे सुधारने के लिए जनता को सड़क पर उतरना पड़ा है।मशाल जुलूस में सुबोध श्रीवास्तव, शंभू सिंह, शिवशंकर सिंह, कन्हैया सिंह, आशुतोष राय, कुलविंदर सिंह पन्नू, मुकुल मिश्रा, नीरज सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, पुतुल सिंह, अमित शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
Tags
जमशेदपुर
Comments