धालभूमगढ़: धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत नरसिंहगढ़ गांव स्थित सरकारी तालाब की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। वार्ड सदस्य गौतम बेहरा के नेतृत्व में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने धालभूमगढ़ प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के अनुपस्थित रहने पर बड़ा बाबू को शिकायत पत्र सौंपा।
शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से सरकारी तालाब की समुचित सफाई एवं रख रखाव नहीं होने के कारण उसमें गंदगी का अंबार लगा हुआ है। तालाब का उपयोग ग्रामीण स्नान, पूजा-पाठ एवं अन्य दैनिक कार्यों के लिए करते हैं, लेकिन गंदगी के कारण पानी दूषित हो गया है, जिससे जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब की शीघ्र सफाई, सौंदर्यीकरण एवं आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की। उनका कहना है कि लंबे समय से उपेक्षा के कारण तालाब की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जनहित को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द तालाब की सफाई एवं सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो सभी ग्रामीण अनिश्चितकालीन तक भूख हड़ताल पर बैठने को विवश होंगे।
शिकायत पत्र पर सौमित्रा साव, वार्ड सदस्य गौतम बेहरा, संसद प्रतिनिधि विश्वनाथ बेहरा, काकोली बेहरा, सुषमा बेहरा, बिड़न्ना बेहरा, जैसिना बेहरा, सुरेश बेहरा, पारो बेहरा, लाबी बेहरा, बबी बेहरा, स्वप्ना बेहरा, सोनिया बेहरा एवं रमेंद्र बेहरा सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द कार्रवाई कर सरकारी तालाब की सफाई एवं सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू करेगा।
Tags
DHALBHUMGADH
Comments