चाईबासा: समाहरणालय सभागार में जिले की विधि-व्यवस्था संधारण, आगामी पर्व-त्योहारों एवं अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से की। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में नगर परिषद को निर्देश दिया गया कि शहर में मच्छरों के नियंत्रण के लिए नियमित रूप से फॉगिंग अभियान चलाया जाए और साफ-सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखा जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।शहर के विभिन्न क्षेत्रों एवं आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जहां जरूरत हो, वहां अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने को कहा गया,
जिससे आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में आयोजन कराने पर जोर दिया गया।बैठक में जिले के सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच करने और जरूरत के अनुसार नए कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। इससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।इस दौरान आगामी परीक्षाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बेंच-डेस्क सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ कार्य करें।
Tags
चाईबासा
Comments