झारखंड शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिलों के DEO और DSE बदले


रांची: झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्य शिक्षा सेवा के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर तबादला एवं पदस्थापन किया है। राज्यपाल के आदेश से जारी अधिसूचना के तहत कई जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार को स्थानांतरित कर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची में प्रशासनिक पदाधिकारी बनाया गया है। साथ ही उन्हें कोल्हान प्रमंडल, चाईबासा के क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।वहीं, महिला प्राथमिक शिक्षक शिक्षा संस्थान, रातू की प्राचार्य निशु कुमारी को पूर्वी सिंहभूम का नया जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) नियुक्त किया गया है।इसके अलावा धालभूम के अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी आशीष कुमार पांडेय को प्राथमिक शिक्षा निदेशालय, रांची में उप निदेशक बनाया गया है। उन्हें पूर्वी सिंहभूम के जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) तथा डायट चाकुलिया के प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।अन्य आदेशों में रांची, गिरिडीह, पलामू, पश्चिम सिंहभूम, धनबाद, चतरा, हजारीबाग समेत कई जिलों के शिक्षा अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया है। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपना प्रभार छोड़कर नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देंगे।स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अधिसूचना सरकार के अवर सचिव अरशद जमाल द्वारा राज्यपाल के आदेश से जारी की गई है।

Comments

और नया पुराने