धालभूमगढ़। क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने वाली है। सांसद विद्युत वरण महतो के प्रयासों के बाद नरसिंहगढ़ रेलवे फाटक सहित कई स्थानों पर रेल अवसंरचना विकास कार्यों को मंजूरी मिल गई है।इसी क्रम में झाड़ग्राम सेक्शन के रेलवे के सहायक अभियंता (AEN) अनूप सिंह ने मंगलवार को 117 नंबर नरसिंहगढ़ रेलवे फाटक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद यहां रोड अंडर ब्रिज (RUB) निर्माण की प्रक्रिया को स्वीकृति प्रदान कर दी गई।इसके अलावा 117, 107 और 128 नंबर रेलवे फाटक पर रोड अंडर ब्रिज (RUB) तथा 118 डोभा, 119 चिरुगोड़ा, 127 और 133 राखा माइंस रेलवे फाटक पर रोड ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में वर्षों से बनी जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा।
निरीक्षण के दौरान धालभूमगढ़ रेलवे फुट ओवरब्रिज का भी जायजा लिया गया। यह फुट ओवरब्रिज धालभूमगढ़ और पटनायकशोल को सीधे जोड़ेगा, जिससे पैदल यात्रियों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को रेलवे लाइन पार करने में सुविधा मिलेगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार सभी परियोजनाओं का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है तथा अप्रैल 2027 तक इन्हें आम जनता के लिए शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि दिनेश साव, भाजपा जिला मंत्री गौर चंद्र पात्र सहित कई स्थानीय लोग और राहगीर उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने इन परियोजनाओं को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।
Tags
DHALBHUMGADH
Comments