चाकुलिया में 10 दिन के भीतर हाथी के हमले से दूसरी मौत, वीडियो बना रहे रेलकर्मी को हाथी ने कुचला; 108 एम्बुलेंस सेवा फिर फेल


चाकुलिया (झारखंड): चाकुलिया वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह सुनसुनिया रेलवे फाटक के पास एक दर्दनाक हादसे में हाथियों का वीडियो बना रहे 53 वर्षीय रेलवे मजदूर संजीव सिन्हा की मौत हो गई। झुंड से अलग हुए एक उग्र हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया और सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। गंभीर रूप से घायल संजीव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह पिछले 10 दिनों में हाथी के हमले से हुई दूसरी मौत है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।मृतक संजीव सिन्हा पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान जिले के कटुवा गांव के निवासी थे और रेलवे फाटक के पास ऑटोमैटिक सिग्नल लगाने के कार्य में लगे हुए थे। सोमवार सुबह सुनसुनिया क्षेत्र में 10 से 12 हाथियों का झुंड देखा गया था। इसी दौरान संजीव अपने कुछ सहकर्मियों के साथ जंगल की ओर गए और मोबाइल से हाथियों का वीडियो बनाने लगे। तभी अचानक एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। साथ मौजूद अन्य मजदूर किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन संजीव हाथी की चपेट में आ गए।इस घटना ने एक बार फिर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद 108 एम्बुलेंस सेवा को कई बार फोन किया गया, लेकिन काफी देर तक कोई सहायता नहीं पहुंची। मजबूरन घायल संजीव को पहले मोटरसाइकिल और बाद में रेलवे की स्कार्पियो वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने उनके पैरों और कमर में गंभीर फ्रैक्चर की पुष्टि की। बेहतर इलाज के लिए उन्हें झाड़ग्राम अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने वन विभाग और रेलवे प्रशासन से मांग की है कि हाथियों को रेलवे ट्रैक और रिहायशी इलाकों से दूर रखने के लिए स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।

Comments

और नया पुराने