सरायकेला -खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी निवासी स्वर्गीय भजोहरि माहली की पुत्री अल्पना माहली ने कपाली थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि 15 जून 2026 को कपाली पुलिस ने उसे फोन कर पूछताछ के लिए कपाली ओपी बुलाया था। उसकी एक सहेली के लापता होने के मामले में उससे पूछताछ की जानी थी।
पीड़िता का दावा है कि कपाली ओपी पहुंचने के बाद उसे थाना प्रभारी धीरंजन कुमार के कमरे में ले जाया गया, जहां करीब तीन घंटे तक बंद कमरे में उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। आरोप लगाया जा रहा है कि इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों के अलावा कुछ पुरुष पुलिसकर्मियों ने भी उसके साथ मारपीट की। परिजनों के अनुसार, युवती की हालत गंभीर है और उसे चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों और आदिवासी समाज में भारी आक्रोश है। लोगों ने वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एवं उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पीड़िता को समुचित इलाज, सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में अब तक कपाली पुलिस अथवा जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Comments