जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम महिला पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में सात दिवसीय बाल संस्कार शिविर का भव्य शुभारंभ सोमवार, 15 जून 2026 को संध्या 5:30 बजे टेल्को स्थित ग्वाला बस्ती सामुदायिक भवन में किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन महिला पतंजलि योग समिति की संवाद प्रभारी प्रेमलता एवं शिविर प्रभारी संगीता शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर की शुरुआत बच्चों द्वारा निकाली गई योग जागरूकता रैली से हुई, जिसके माध्यम से लोगों को योग के प्रति जागरूक रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
सात दिवसीय बाल संस्कार शिविर में बच्चों को योग के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं अनुशासित जीवन के महत्व से भी अवगत कराया जाएगा। शिविर के प्रथम दिन 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रोटोकॉल के तहत बच्चों को योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया।इस अवसर पर योग शिक्षिका शिवली पत्रों, कमला देवी, गेंदीबाई, निर्मला देवी, रिंकी झा, संगीता दिलवसो देवी तथा योग प्रशिक्षक दीपक शाह और अशोक शर्मा ने सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने बच्चों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।समिति की ओर से बताया गया कि सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर में बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विभिन्न संस्कारपरक एवं योग आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि उनमें सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली की भावना विकसित हो सके।
Comments