टाटा-गुवा पैसेंजर ट्रेन से गिरकर 18 वर्षीय दिनेश कोड़ा गंभीर रूप से घायल, सदर अस्पताल चाईबासा में चल रहा इलाज


चाईबासा: टाटा-गुवा पैसेंजर ट्रेन से गिरने की आशंका में 18 वर्षीय युवक दिनेश कोड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे डांगुवापोसी रेलवे आउटर के पास हुई। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उसका सिर फट गया। चिकित्सकों ने उसके सिर पर चार टांके लगाए हैं। समाचार लिखे जाने तक युवक बेहोशी की हालत में था।प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे लाइन पर कार्यरत एक गैंगमैन की नजर घायल अवस्था में पड़े युवक पर पड़ी। इसके बाद उसने तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जगन्नाथपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया।घायल युवक की पहचान घटना के कई घंटे बाद हो सकी। बताया गया कि दोपहर करीब तीन बजे जब परिजनों ने दिनेश के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, तब आरपीएफ के इंचार्ज ऑफिसर वीरेंद्र कुमार ने फोन उठाकर परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद दिनेश की मां और पड़ोसी कृष्ण मुंडा सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचे।पड़ोसी कृष्ण मुंडा ने बताया कि दिनेश कोड़ा हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के अमाडीया गांव का निवासी है। वह अपने फुआ के घर बड़ा जामदा जा रहा था और केंदपोसी स्टेशन से टाटा-गुवा पैसेंजर ट्रेन में सवार हुआ था। डांगुवापोसी के पास यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि दिनेश वर्तमान में इंटरमीडिएट का छात्र है।इधर, रेलवे पुलिस अभी तक यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि दिनेश चलती टाटा-गुवा पैसेंजर ट्रेन से गिरकर घायल हुआ है या फिर किसी मालगाड़ी की चपेट में आने से यह घटना हुई। पुलिस का कहना है कि युवक के होश में आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।फिलहाल दिनेश कोड़ा का इलाज सदर अस्पताल चाईबासा में जारी है। युवक की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है, जबकि रेलवे पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Comments

और नया पुराने