बागबेड़ा कॉलोनी में लाखों की चोरी से दहशत, नगद-जेवरात समेत कीमती सामान लेकर फरार हुए चोर


जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बागबेड़ा कॉलोनी के ब्लॉक संख्या 76/02/01, रोड नंबर-3 स्थित गणेश पूजा मैदान निवासी राजा राव के घर में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से लाखों रुपये मूल्य के नगद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।बताया जा रहा है कि चोरी की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पीड़ित परिवार ने जब घर का सामान बिखरा हुआ देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल बागबेड़ा थाना पुलिस को दी गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर और समाजसेवी मुदिता सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाने में जुट गई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी की वारदात में शामिल अज्ञात चोरों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।इधर, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आम लोगों में असुरक्षा की भावना और बढ़ेगी।इस घटना के बाद बागबेड़ा कॉलोनी के लोगों में भय का माहौल है और स्थानीय निवासी पुलिस से शीघ्र कार्रवाई कर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Comments

और नया पुराने