अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर 37 पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान, उपायुक्त ने बढ़ाया हौसला


जमशेदपुर: अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला खेल विभाग एवं पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में धातकीडीह कम्युनिटी सेंटर में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करने वाले 37 पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन उपस्थित रहे। वहीं उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा तथा पूर्व ओलंपियन हरभजन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

सम्मानित खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन किया गया। अपने संबोधन में उपायुक्त राजीव रंजन ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता न केवल जिले और राज्य का गौरव है, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उठाकर भविष्य में और अधिक उपलब्धियां हासिल करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की ने किया। इस अवसर पर ओलंपिक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित बालक एवं बालिका वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता टीमों को स्वर्ण एवं रजत पदक के साथ ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।सम्मानित खिलाड़ियों में शूटिंग, शतरंज, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी, ताइक्वांडो, कबड्डी और फुटबॉल सहित विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ी शामिल थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल प्रेमी एवं विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।उत्साह और खेल भावना से ओत-प्रोत इस समारोह ने खिलाड़ियों के सम्मान के साथ-साथ जिले में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मजबूत संदेश दिया।हेडलाइन: अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर जमशेदपुर में 37 राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का हुआ सम्मान।

Comments

और नया पुराने