सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और केजीबीवी की समीक्षा, उपायुक्त ने शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश


जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों (केजीबीवी) के शैक्षणिक प्रदर्शन और आधारभूत संरचना की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों का मूल्यांकन करते हुए आगामी सत्र के लिए बेहतर रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय सहित संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं वार्डन उपस्थित रहे।उपायुक्त ने पिछले वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणामों का विश्लेषण करते हुए कहा कि इस वर्ष बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए अभी से तैयारी शुरू की जाए। उन्होंने कमजोर और पिछड़ रहे विद्यार्थियों की पहचान कर नियमित रेमेडियल कक्षाओं का संचालन करने का निर्देश दिया, ताकि छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों में सुधार लाया जा सके।बैठक में विद्यालयों की रिक्त सीटों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पात्र छात्र-छात्राओं का शीघ्र नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंच सके।शिक्षण गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त ने निजी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के अनुभवी शिक्षकों तथा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस एवं केजीबीवी के शिक्षकों के बीच कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनुभवों के आदान-प्रदान से शिक्षकों की दक्षता बढ़ेगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।बैठक के दौरान विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत संरचना, शैक्षणिक संसाधनों एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को चिन्हित कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर परीक्षा परिणाम जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी, शिक्षक एवं विद्यालय प्रबंधन को समन्वित रूप से कार्य करना होगा, ताकि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और शैक्षणिक उपलब्धियों में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

Comments

और नया पुराने