चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंगारडीहा गांव में सर्पदंश की घटना में 49 वर्षीय महिला बेलमाई सुंडी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।जानकारी के अनुसार, बेलमाई सुंडी सोमवार देर रात अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान किसी विषैले सांप ने उन्हें काट लिया। कुछ देर बाद उनके पैर में तेज दर्द और जलन होने लगी। परेशानी बढ़ने पर उन्होंने अपनी बहू संगीता सोय को आवाज देकर बुलाया।बहू संगीता सोय ने बताया कि रात करीब 12 बजे उसकी सास ने उसे बुलाकर पैर में तेज दर्द और जलन की शिकायत की। शुरुआत में उसने सामान्य परेशानी समझकर पैरों की मालिश की, लेकिन कुछ ही देर में बेलमाई सुंडी की तबीयत बिगड़ने लगी। शरीर में बेचैनी और कमजोरी बढ़ने लगी।इसके बाद परिजनों ने आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उन्हें देर रात इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया। चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन तब तक सांप का जहर शरीर में फैल चुका था। इलाज के दौरान मंगलवार तड़के करीब तीन बजे उनकी मौत हो गई।घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें, ताकि समय पर इलाज मिल सके।
Tags
CHAIBASHA
Comments