*पारिवारिक विवाद में गर्भवती महिला और आठ वर्षीय बेटी की हत्या, कुल्हाड़ी से वार कर ली जान*


मंझारी: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा तोरलो पंचायत के मारिया साईं टोला में शनिवार को पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां एक व्यक्ति ने कथित रूप से नशे की हालत में अपनी बहु (छोटे भाई की पत्नी)और आठ वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।मृतकों की पहचान 30 वर्षीय नानिका बिरुवा और उनकी आठ वर्षीय पुत्री शर्मीला बिरुवा के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रमाय बिरुवा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।घटना के संबंध में मृतका नानिका बिरुवा के पति दखल सिंह बिरुवा ने बताया कि वह शनिवार को गाय-बकरी चराने के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई रमाय बिरुवा, जो नशे की हालत में बताया जा रहा है, घर पहुंचा। घर में रहने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।



 इसी विवाद के दौरान रमाय बिरुवा ने कुल्हाड़ी से नानिका बिरुवा और उनकी पुत्री शर्मीला बिरुवा पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।दखल सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी उनकी पुत्री तुलसी बिरुवा ने खेत में जाकर उन्हें दी। जब वह घर पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया।
 बचाव में उन्होंने पास में पड़ा बड़ा पत्थर उठा लिया, जिसके बाद आरोपी जंगल की ओर भाग गया। बीच-बचाव करने पहुंचे कांडे बिरुवा पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया।घटना की सूचना मिलने के बाद गांव के मानकी ने मंझारी थाना पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद थाना प्रभारी दिलीप माझी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।पुलिस ने इसके बाद जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी रमाय बिरुवा को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी दिलीप माझी ने बताया कि घटना का मुख्य कारण घर में रहने को लेकर पारिवारिक विवाद सामने आया है। रमाय बिरुवा के अधिक नशा करने और अक्सर विवाद करने के कारण उसे घर से अलग रहने के लिए कहा जा रहा था, जिसके बाद उसने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी का कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं है।मंझारी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और घटना के समय आरोपी के नशे में होने की बात सामने आई है।

Comments

और नया पुराने