*बाबूलाल मरांडी ने टेकराहातु में ग्रामीणों के साथ सुनी मन की बात, विकास और जनभागीदारी पर दिया जोर*


चाईबासा: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने रविवार को सदर प्रखंड चाईबासा अंतर्गत टेकराहातु पंचायत में ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" को सुना। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।कार्यक्रम के बाद बाबूलाल मरांडी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने "मन की बात" कार्यक्रम के माध्यम से समाज में जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत, युवाओं की सकारात्मक भूमिका और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर देशवासियों से संवाद किया।

 उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक रेडियो संबोधन नहीं है, बल्कि देश के लोगों को प्रेरित करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है।उन्होंने कहा कि देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। लोगों की भागीदारी से ही विकास कार्यों को गति मिलती है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुँवर गागराई, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुबिड सहित भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।दौरे के क्रम में बाबूलाल मरांडी पूर्व मंत्री बड़कुँवर गागराई के आवास भी पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की।इसके बाद बाबूलाल मरांडी भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचु के आवास पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना। बताया गया कि कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में गीता बालमुचु घायल हो गई थीं। बाबूलाल मरांडी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने भी प्रधानमंत्री के "मन की बात" कार्यक्रम को सुनकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

Comments

और नया पुराने