लुपुंगुटू पंचायत में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन, ग्रामीणों को अधिकारों की दी गई जानकारी


चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में 90 दिवसीय कानूनी जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत सदर प्रखंड चाईबासा के लुपुंगुटू पंचायत में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में अधिकार मित्र स्वाति मुखर्जी ने उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने नालसा की प्राकृतिक आपदा पीड़ित मुआवजा योजना और असंगठित मजदूरों की सहायता के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।इस दौरान स्वाति मुखर्जी ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि बुजुर्गों की उपेक्षा करना या उनका तिरस्कार करना अपराध है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान और सुरक्षा का अधिकार प्राप्त है, उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जा सकता।शिविर में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति भी जागरूक किया गया। ग्रामीणों को बाल विवाह नहीं कराने की शपथ दिलाई गई और बच्चों के अधिकारों की जानकारी दी गई।इसके अलावा पीएलवी संगीता ने नालसा की जागृति और डॉन योजना सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकार की कार्य प्रणाली एवं संरचना के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए विधिक सेवा प्राधिकार लगातार कार्य कर रहा है।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी कानूनी समस्या के समाधान के लिए विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करने की अपील की गई।

Comments

और नया पुराने