पोटका (पूर्वी सिंहभूम): पोटका थाना क्षेत्र में दबंगई और मारपीट का एक मामला सामने आया है। एक युवक ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट करने तथा हथियारों के बल पर जबरन थाने ले जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने पोटका थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पोटका गांव निवासी शंकर मुण्डा ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि 18 जून 2026 की सुबह करीब 11 बजे रामेश्वर सिंह सरदार सहित कई लोग उसके घर पहुंचे। शिकायत के मुताबिक आरोपियों के साथ बड़ी संख्या में अन्य लोग भी मौजूद थे और उनके हाथों में तीर-धनुष सहित अन्य हथियार थे।शंकर मुण्डा का आरोप है कि घर पहुंचते ही आरोपियों ने उसके और उसकी बुजुर्ग बीमार मां के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने उसे कॉलर पकड़कर जबरन घर से बाहर निकाला और पोटका थाना ले गए।पीड़ित के अनुसार उसकी मां बीमार हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। आरोप है कि उनके सामने ही अपशब्द कहे गए और मारपीट की गई,
जिससे परिवार भय और दहशत में है।मामले को गंभीरता से लेते हुए पोटका थाना में कांड संख्या 34/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352, 127 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच की जिम्मेदारी एएसआई नयन टुडू को सौंपी गई है।शंकर मुण्डा ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।वहीं पोटका थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।नोट: यह समाचार पुलिस को दी गई लिखित शिकायत के आधार पर तैयार किया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी शेष है।
Tags
POTKA
Comments