जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के कारणडीह क्षेत्र से एक पारिवारिक भूमि विवाद का मामला सामने आया है। बुधवार को शिक्षक नागेंद्र पांडेय (68) एवं उनके परिवार ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की।परिवार के अनुसार, लगभग 22 वर्ष पूर्व उनके छोटे भाई गणेश जी पांडेय (58) के नाम पर 4200 वर्गफीट जमीन खरीदी गई थी। बताया गया कि जमीन की खरीद के लिए संपूर्ण राशि नागेंद्र पांडेय द्वारा दी गई थी, जबकि सरकारी नौकरी में होने के कारण भविष्य में ऋण सुविधा प्राप्त करने की दृष्टि से जमीन गणेश पांडेय के नाम दर्ज कराई गई थी।नागेंद्र पांडेय का कहना है कि वर्ष 2022 में उनके छोटे भाई ने कथित रूप से परिवार एवं पिता की जानकारी और सहमति के बिना उक्त जमीन का सौदा कर दिया। परिवार का आरोप है कि वर्तमान बाजार मूल्य लगभग डेढ़ करोड़ रुपये होने के बावजूद जमीन को काफी कम कीमत पर बेचा गया।परिवार ने आरोप लगाया कि जमीन खरीदने वाले कृष्ण कांत सिंह एवं उनके भाई श्यामाकांत सिंह उर्फ चीकू सिंह द्वारा पिछले तीन वर्षों से उन्हें विभिन्न प्रकार से प्रताड़ित किया जा रहा है। हालांकि, इस मामले में न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है और अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा ही लिया जाएगा।उपायुक्त कार्यालय पहुंचे परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं सुरक्षा की मांग की। इस दौरान युवजन समाजवादी के प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता शुभम सिन्हा भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक परिवार के साथ अन्याय और शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा।परिवार ने प्रशासन से न्याय दिलाने और मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
Tags
जमशेदपुर
Comments