जमशेदपुर: जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम द्वारा मंगलवार को बारीडीह विधानसभा कार्यालय में भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं शिक्षाविद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जदयू पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनका त्याग और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास के लिए उनके आदर्शों को आत्मसात करना समय की आवश्यकता है।उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, साहस और सेवा भाव से प्रेरणा लेकर देशहित को सर्वोपरि मानते हुए अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) उनके बताए मार्ग पर चलते हुए जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध है।श्रद्धांजलि सभा में जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू, प्रकाश कोया, संजीव सिंह, अर्जुन यादव, प्रवीण सिंह, शंकर कर्मकार, राकेश कुमार, अशोक सिंह, दिनेश सिंह, विजय राव, अशोक कुमार, सुजीत झा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राकेश कुमार ने प्रस्तुत किया। अंत में सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
Tags
JAMSHEDPUR
Comments