मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर भाजपा की विशेष प्रदर्शनी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि

जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो एवं अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से किया।प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। इसमें जनकल्याणकारी योजनाएं, आधारभूत संरचना विकास, आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल परिवर्तन, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा तथा वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका को प्रमुखता से दर्शाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के स्वर्णिम काल के रूप में दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर देश आधुनिक आधारभूत संरचनाओं, डिजिटल क्रांति और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा है, वहीं दूसरी ओर भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी नई पहचान मिली है।सांसद विद्युत महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को साकार करने के लिए केंद्र सरकार ने अनेक योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों नागरिकों को मिला है।

कार्यक्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष विकसित भारत के निर्माण की प्रेरणादायक यात्रा रहे हैं। मंच संचालन अमरजीत सिंह राजा एवं धन्यवाद ज्ञापन संजीव सिंह ने किया।इससे पूर्व भाजपा जमशेदपुर महानगर ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 73वीं पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में मनाया। साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों और आदर्शों को स्मरण किया।कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।

Comments

और नया पुराने