तमिलनाडु से सुरक्षित लौटे पश्चिमी सिंहभूम के 14 श्रमिक, चक्रधरपुर स्टेशन पर जिला प्रशासन ने किया स्वागत


चाईबासा: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की घटना से प्रभावित पश्चिमी सिंहभूम जिले के 14 श्रमिक सुरक्षित अपने घर लौट आए हैं। झारखंड सरकार, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन के समन्वित प्रयास से सभी श्रमिकों की सकुशल वापसी सुनिश्चित की गई।मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर सभी श्रमिक रेल मार्ग से राउरकेला होते हुए चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे।

 स्टेशन पर जिला प्रशासन की टीम ने उनका स्वागत किया, उनकी कुशलक्षेम की जानकारी ली और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।जिला प्रशासन ने सभी श्रमिकों को उनके गृह क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की। इसके अलावा प्रत्येक श्रमिक को आवश्यक खाद्य सामग्री से युक्त फूड बास्केट भी उपलब्ध कराया गया, ताकि घर पहुंचने के बाद उन्हें किसी प्रकार की तत्काल परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।गौरतलब है कि तमिलनाडु के तिरुवल्लूर स्थित एक औद्योगिक इकाई में अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद झारखंड सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित श्रमिकों की सुरक्षा और सुरक्षित वापसी के लिए त्वरित कार्रवाई की। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा, जिसके परिणामस्वरूप सभी 14 श्रमिक सकुशल अपने घर लौट आए।

Comments

और नया पुराने