उपायुक्त मनीष कुमार ने देर रात सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने देर रात सदर अस्पताल, चाईबासा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने नव-निर्मित अस्पताल वार्ड का अवलोकन किया और वहां मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वार्ड की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान मनीष कुमार ने सिविल सर्जन को आवश्यकता के अनुसार वार्ड में अतिरिक्त पंखे और एयर कंडीशनर (एसी) लगाने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती प्रत्येक मरीज को समय पर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।उपायुक्त ने सदर अस्पताल स्थित ब्लड सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली और उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लड सेंटर प्रभारी को जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।निरीक्षण के दौरान मनीष कुमार ने कहा कि 'प्रोजेक्ट जागृति' के तहत जिले में लगातार स्वैच्छिक रक्तदान अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में ब्लड सेंटर की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और इसे और सुदृढ़ बनाने के लिए जल्द ही आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त की कमी का सामना नहीं करना पड़े।निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस, सिविल सर्जन सहित अस्पताल प्रबंधन के अन्य अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।

Comments

और नया पुराने