बालेश्वर पटेल हत्याकांड का खुलासा: रामगढ़ पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार, जमीन विवाद में हुई थी हत्या

रामगढ़: मांडू थाना क्षेत्र में 30 जून को हुए चर्चित बालेश्वर पटेल हत्याकांड का रामगढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। हत्या में प्रयुक्त लाठी, डंडे और ईंट भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक बालेश्वर पटेल गिरिडीह जिले में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत थे और मूल रूप से रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के निवासी थे।

पुलिस के अनुसार, 30 जून को बालेश्वर पटेल अपनी खरीदी हुई 11 डिसमिल जमीन पर कार्य कराने पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन विवाद को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने उन पर लाठी, डंडे और ईंट से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलने पर मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में बालेश्वर पटेल को रामगढ़ के होप हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक की पत्नी के आवेदन पर मांडू थाना कांड संख्या 151/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। एफएसएल रांची की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए, जबकि पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ और घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की जांच के आधार पर सात आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।रामगढ़ पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments

और नया पुराने