बढ़ते अपराध के खिलाफ भाजपा गोलमुरी मंडल की हुंकार, 2 जुलाई मशाल जुलूस और 3 जुलाई के जमशेदपुर बंद को सफल बनाने की बनाई रणनीति


जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रहे अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में भाजपा गोलमुरी मंडल ने बुधवार को सीपी समिति सभागार में मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय की अध्यक्षता में मासिक सांगठनिक बैठक आयोजित की। बैठक में बिष्टुपुर के हिमांशु सिंह हत्याकांड समेत चापड़बाजी, चाकूबाजी, लूट, चोरी, अवैध लॉटरी, नशे के कारोबार और महिलाओं के साथ हो रही आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।

बैठक में नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर के आह्वान पर 2 जुलाई को शाम 6 बजे प्रस्तावित मशाल जुलूस और 3 जुलाई को आहूत जमशेदपुर बंद को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाने और आंदोलन को सफल बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि कभी शांत और औद्योगिक नगरी के रूप में पहचाना जाने वाला जमशेदपुर आज अपराधियों के आतंक से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया है और भाजपा न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखेगी।जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 उन्होंने कहा कि शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने कहा कि भाजपा गोलमुरी मंडल 2 जुलाई के मशाल जुलूस और 3 जुलाई के प्रस्तावित जमशेदपुर बंद को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटेगा। उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराध के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है और भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज बुलंद करेगी।बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हलदर नारायण साह, जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Comments

और नया पुराने